नोएडा प्रदर्शन: पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया खातों से फैलाई गई भ्रामक जानकारी, 62 लोग गिरफ्तार

Ads

नोएडा प्रदर्शन: पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया खातों से फैलाई गई भ्रामक जानकारी, 62 लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 12:57 AM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 12:57 AM IST

नोएडा, 16 अप्रैल (भाषा) गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि कथित तौर पर पाकिस्तान से संचालित सोशल मीडिया खातों का इस्तेमाल भ्रामक जानकारी फैलाने और नोएडा में श्रमिकों के बीच अशांति भड़काने के लिए किया गया।

नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हुए व्यापक श्रमिक आंदोलन के सिलसिले में अब तक 62 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि बताया कि दो ‘एक्स’ खातों के तकनीकी विश्लेषण से पता चला है कि इन्हें वीपीएन के जरिए पाकिस्तान से संचालित किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, “मामले की जांच जारी है।”

पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को इन खातों के माध्यम से भ्रामक पोस्ट प्रसारित किए गए, जिनका उद्देश्य सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना था।

इन पोस्ट के कारण जिले के विभिन्न हिस्सों में लोगों के बीच भय और आक्रोश फैल गया।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि इसके बाद भीड़ ने पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए, और वाहनों, निजी संपत्ति तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निशाना बनाकर आगजनी और तोड़फोड़ की गई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि बुधवार से जिले में स्थिति सामान्य हो गई है और सुबह फ्लैग मार्च किया गया तथा सेक्टर-आधारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत गश्त जारी है।

भाषा सं खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल