लेह/जम्मू, 19 फरवरी (भाषा) भारतीय सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने बृहस्पतिवार को सियाचिन सेक्टर का दौरा किया और सैनिकों की युद्ध क्षमता और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।
सैन्य कमांडर ने दुनिया के सबसे ऊंचे और सबसे ठंडे सैन्य क्षेत्रों में से एक में तैनात सैनिकों के पेशेवर रुख, साहस और समर्पण की सराहना की और विभिन्न पदों पर तैनात जवानों से आधुनिक युद्ध की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए प्रौद्योगिकी को अपनाने का आग्रह किया।
उत्तरी कमान मुख्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने युद्ध क्षमता और परिचालन तैयारियों की समीक्षा करने के लिए सियाचिन ब्रिगेड का दौरा किया।’’
शर्मा ने सियाचिन स्की नोड का भी दौरा किया, जहां उन्होंने प्रशिक्षण ढांचे और स्कीइंग क्षमताओं का आकलन किया और बेहद कठिन जलवायु तथा भूभाग में कार्यरत सैनिकों के साथ बातचीत की।
सैन्य कमांडर ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के अपने दौरे के दौरान बुधवार को पूर्वी लद्दाख में अग्रिम चौकियों का भी दौरा किया, जहां उन्होंने सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।
भाषा धीरज माधव
माधव