किसी प्रस्ताव से नहीं डरते, फांसी पर चढ़ जाएंगे, लेकिन सच बोलेंगे: वेणुगोपाल

Ads

किसी प्रस्ताव से नहीं डरते, फांसी पर चढ़ जाएंगे, लेकिन सच बोलेंगे: वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 02:45 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 02:45 PM IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ बृहस्पतिवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा एक स्वतंत्र प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस दिए जाने के बाद कहा कि ‘‘हम किसी प्रस्ताव से नहीं डरते, फांसी पर चढ़ जाएंगे, लेकिन संसद में सच बोलते रहेंगे।’’

निशिकांत दुबे ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एक स्वतंत्र प्रस्ताव लाने के लिए एक नोटिस दिया है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की सदन की सदस्यता रद्द करने और उन्हें आजीवन चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित करने की मांग की है।

राहुल गांधी के खिलाफ सत्तापक्ष के नोटिस के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कौन सा विशेषाधिकार हनन किया है? पिछली बार उन्होंने उनकी सदस्यता खत्म कर दी थी। उसके बाद क्या हुआ? जनता ने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से भी ज़्यादा वोटों से जिताया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप (सरकार) हमें फांसी पर चढ़ाना चाहते हैं तो उसके लिए भी हम तैयार हैं… हमें किसी भी प्रस्ताव नहीं डरते , हम संसद में सच बोलते रहेंगे।’’

केंद्रीय बजट पर राहुल गांधी के भाषण के कुछ अंश कार्यवाही से हटाए जाने से जुड़े सवाल पर वेणुगोपाल का कहना था, ‘‘इसी वजह से हमें लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने जैसी स्थिति तक जाना पड़ा। सरकार पूरी तरह से पीठासीन अधिकारी पर दबाव बना रही है कि विपक्ष के सदस्यों को बोलने का मौका न दिया जाए…राहुल जी जो भी कहते हैं, उसे पूरी तरह से कार्यवाही से हटा दिया जाता है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि यह संसद सरकार के लिए चल रही है, विपक्ष के लिए नहीं।

भाषा हक

हक नरेश

नरेश