मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए अधिसूचना शीघ्र जारी करेंगे: केंद्र

Ads

मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए अधिसूचना शीघ्र जारी करेंगे: केंद्र

  •  
  • Publish Date - October 9, 2023 / 02:48 PM IST,
    Updated On - October 9, 2023 / 02:48 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) केंद्र सरकार ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के लिए अधिसूचना शीघ्र जारी करेगा।

शीर्ष अदालत दो याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है जिसमें से एक में आरोप लगाया गया है कि न्यायाधीशों के तबादले और नियुक्ति के लिए कॉलेजियम की ओर से अनुशंसित नामों को मंजूरी देने में केंद्र सरकार विलंब कर रही है।

न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया की पीठ को अवगत कराया गया कि उच्च न्यायालय के 14 न्यायाधीशों के तबादले से संबंधित फाइलों को मंजूरी दे दी गई है जबकि 12 न्यायाधीशों से संबंधित फाइल प्रक्रियाधीन है।

प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने पांच जुलाई को दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सिद्धार्थ मृदुल को मणिपुर उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा की थी।

पीठ इस मामले पर अगली सुनवाई 20 अक्टूबर को करेगी।

भाषा संतोष नरेश

नरेश