नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नीट-यूजी पुनर्परीक्षा का सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने की तैयारियों के तहत शनिवार को देशभर में ‘मॉक ड्रिल’ आयोजित करेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एनटीए ने एक बयान में कहा कि वह रविवार (21 जून) को होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन, पुलिस बलों और ‘एस्कॉर्ट’ टीम को सौंपी गई है।
बयान के अनुसार, पुनर्परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक ‘कागज-कलम’ माध्यम से आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
एनटीए ने कहा कि प्रतिपूरक समय के पात्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शाम 6.20 बजे तक समय होगा।
एनटीए के अनुसार, पुनर्परीक्षा के आयोजन के लिए विभिन्न एजेंसियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। शहर स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 674 शहर समन्वयक नियुक्त किए गए हैं, जबकि परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,669 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अधीक्षक और निरीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
एनटीए ने कहा कि पुनर्परीक्षा का सुचारू और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित दो लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
अविनाश