मयिलादुथुराई (तमिलनाडु), 16 अप्रैल (भाषा) नाम तमिलर काची (एनटीके) के प्रमुख सीमान ने बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पर तमिलनाडु में स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्रों में सुधार करने के बजाय मुफ्त सुविधाएं बांटने का आरोप लगाया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि उनकी पार्टी 23 अप्रैल के चुनाव के बाद सत्ता में आती है तो वह बेरोजगारी की समस्या का समाधान करने के अलावा सभी सरकारी अस्पतालों का उन्नयन करेंगे, बेहतर शिक्षा प्रदान करेंगे, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएंगे और किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करेंगे।
सीमान ने यहां एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘मुफ्तखोरी की संस्कृति को बंद कर दिया जाना चाहिए था। उन्हें (द्रविड़ पार्टियों को) लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।’’
सीमान ने द्रमुक और अन्नाद्रमुक पर आरोप लगाया कि वे कई दशकों से मुफ्त योजनाओं और विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं के माध्यम से लोगों को लुभाकर राज्य पर शासन कर रही हैं।
उन्होंने पूछा,‘‘उन्हें पैसा कहां से मिलता है। राज्य का कर्ज 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।’’
सीमान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के साथ गठबंधन करने वाली दोनों द्रविड़ पार्टियों ने तमिलनाडु की जनता के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि द्रमुक और अन्नाद्रमुक शिक्षा को राज्य सूची में शामिल नहीं करवा सकीं।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और भाजपा तमिलनाडु एवं कर्नाटक के बीच कावेरी नदी के मुद्दे और तमिलनाडु एवं केरल के बीच मुल्लापेरियार बांध के विवाद को हल नहीं कर सकीं।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होंगे।
भाषा
शुभम नरेश राजकुमार
राजकुमार