जयपुर, सात अक्टूबर (भाषा) जयपुर सेंट्रल जेल में तैनात एक नर्सिंग अधिकारी को कैदियों को नशे वाली दवाओं की आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार आरोपी अधिकारी राजकुमार (35) को कैदी गोगराज गढ़वाल के साथ गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि गोगराज वर्तमान में पॉक्सो मामले में सेंट्रल जेल में बंद है।
पुलिस ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब भांकरोटा पुलिस ने 24 सितंबर को तीन लोगों – अभिराज सिंह, संपत सिंह और अंकुश अग्रवाल को नशे वाली दवाओं की खेप के साथ गिरफ्तार किया। उनके पास से बरामद डिब्बे में 86 पैकेट में 37,000 से ज़्यादा कैप्सूल थे।
गिरफ्तारी के बाद जांच बिंदायका पुलिस थाने को सौंप दी गई। तीनों को पूछताछ के लिए ‘पेशी वारंट’ पर रिमांड पर लिया गया और आपूर्ति नेटवर्क की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई। आरोपी के कॉल रिकॉर्ड की जांच की और पाया कि अंकुश अग्रवाल और कैदी गोगराज गढ़वाल के बीच लगातार बातचीत होती थी।
सोमवार को गोगराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि जेल के अंदर उसे नर्सिंग अधिकारी राजकुमार द्वारा ‘ड्रग्स’ की आपूर्ति की जाती थी। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राजकुमार फरार हो गया, लेकिन बाद में मंगलवार को चूरू जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव कामां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा पृथ्वी प्रशांत
प्रशांत