भुवनेश्वर, 13 मई (भाषा) ओडिशा के क्योंझर जिले में ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह’ योजना (एमकेबीवाई) के तहत बुधवार को आयोजित समारोह में 39 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे और इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रभाती परीदा भी मौजूद रहीं।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्योंझर के शंकरपुर खेल परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
एक बयान के मुताबिक योजना के तहत, प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 60,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इसमें से 45,000 रुपये सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि शेष 15,000 रुपये का उपयोग विवाह समारोह के आयोजन और प्रबंधन के लिए किया जाता है।
परीदा ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है और साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने में भी मदद करती है।
परिदा ने क्योंझर दौरे के दौरान जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की, जिसमें समर्पित भवनों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, बिजली कनेक्शन और शौचालय सुविधाएं शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान चेहरे की पहचान प्रणाली के माध्यम से वितरण, बाल पोषण की निगरानी और आवेदनों के क्षेत्र-स्तरीय सत्यापन सहित सुभद्रा योजना के कार्यान्वयन पर भी जानकारी प्राप्त की।
भाषा धीरज माधव
माधव