ओडिशा: ब्राह्मणी नदी में 12 घंटे तक बहने के बाद 78 वर्षीय महिला को बचाया गया

Ads

ओडिशा: ब्राह्मणी नदी में 12 घंटे तक बहने के बाद 78 वर्षीय महिला को बचाया गया

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 11:05 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 11:05 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

केंद्रपाड़ा, 27 सितंबर (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में उफनती ब्राह्मणी नदी में बह गई 78 वर्षीय महिला को 12 घंटे से अधिक समय तक बाढ़ के पानी में बहते रहने के बाद केंद्रपाड़ा में बचा लिया गया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

महिला के परिवार के सदस्यों ने बताया कि जाजपुर के कालाखंडा गांव निवासी कासी दलेई शनिवार रात करीब नौ बजे शौच के लिए गई थीं, तभी नदी के तेज बहाव में बह गईं।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे बालिपटना गांव के दो मछुआरों ने उन्हें उफनती नदी में तैरते हुए देखा। उन्होंने बताया कि मछुआरों ने तुरंत नाव उनकी ओर मोड़ी और महिला को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद दलेई को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।

पट्टामुंडई उपमंडलीय अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. निराकार परिडा ने कहा, ‘थकान का उन पर काफी असर पड़ा था। उपचार के बाद फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।’

इस बचाव कार्य के लिए दोनों मछुआरों की तत्परता और साहस की सराहना की जा रही है।

परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘हम इन मछुआरों के आभारी रहेंगे जिन्होंने उनकी जान बचाई।’

इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारी बारिश के कारण नदियों में उफान से जलमग्न हुए गंजाम और कोरापुट जिलों के इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। भारी बारिश से 13 जिले प्रभावित हुए हैं, जहां स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।

इस बीच, गंजाम जिले से मिली एक खबर के अनुसार, घोड़ाहाड़ा नदी में लापता हुए 65 वर्षीय मछुआरे को कई घंटे बाद उसके परिवार के सदस्यों ने बचा लिया।

भाषा शुभम अमित

अमित