मलकानगिरि (ओडिशा), 26 अगस्त (भाषा) ओडिशा पुलिस ने बुधवार को मलकानगिरी जिले में माओवादी ठिकाने का पता लगाकर हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद पाटिल एच ने संवाददाताओं को बताया कि आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे मथिली थाना क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया गया, जिसके दौरान यह जखीरा बरामद हुआ।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हथियार और गोला-बारूद, आईईडी तथा आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि बरामद हथियार और गोला-बारूद प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) की आंध्र-ओडिशा सीमा विशेष जोनल कमेटी (एओबीएसजेडसी) के कैडर के होने की आशंका है।
एसपी ने कहा कि जनवरी 2025 से इस साल 31 मार्च के बीच दो कैडर की गिरफ्तारी और 23 अन्य माओवादियों के आत्मसमर्पण के साथ मलकानगिरी माओवादी मुक्त हो गया है।
अधिकारी ने कहा कि इस साल जून में मलकानगिरी में तीन बड़े माओवादी ठिकानों का पता लगाया गया था जहां उनके हथियार और गोला-बारूद रखे गए थे।
उन्होंने कहा कि ऐसे और ठिकानों का पता लगाने के लिए ओडिशा पुलिस नियमित रूप से तलाशी अभियान चला रही है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव