Son Nadi Viral Video | Photo Credit: IBC24
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: Son Nadi Viral Video गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में लगातार हो रही बारिश से सोन नदी उफान पर है। इस बीच ग्राम चिच-गोहना स्थित सोन नदी के पुल से उफनती नदी में छलांग लगाने का एक बेहद खतरनाक स्टंट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में तेज बहाव के बावजूद बच्चे और युवा अपनी जान जोखिम में डालकर पुल से नीचे कूदते और स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं।
Son Nadi Viral Video मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी को संबंधित बच्चों और उनके परिजनों पर कार्रवाई व समझाइश के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन करते हुए सिवनी चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम चिच-गोहना गांव पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्राम सरपंच की उपस्थिति में नदी में कूदने वाले बच्चों और उनके माता-पिता को बुलाकर कड़ी हिदायत दी।
बच्चों को बताया गया कि उफनती नदी में इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। वहीं अभिभावकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें जोखिम भरे स्थानों पर जाने से रोकें। इसके अलावा गांव के सरपंच और कोटवार को भी अलर्ट पर रहने को कहा गया है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने या मनोरंजन के लिए अपनी जान दांव पर न लगाएं और बारिश के मौसम में उफनती नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।