ओडिशा: तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गई, चालक की मौत, 9 घायल

Ads

ओडिशा: तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गई, चालक की मौत, 9 घायल

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 03:23 PM IST

बालासोर, 13 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के तीर्थयात्रियों को लेकर आंध्र प्रदेश जा रही एक बस शुक्रवार को ओडिशा के बालासोर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर एक ओवरब्रिज की दीवार से टकरा गई, जिसमें बस चालक की मौत हो गई और नौ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तड़के बाहानगा बाजार में हुआ और आशंका है कि चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी।

खंतापाड़ा थाने के प्रभारी अनुराग मोहंती ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक टूटे हुए ‘विंडस्क्रीन’ से बाहर जा गिरा और ओवरपास से नीचे सड़क पर गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक आंध्र प्रदेश का निवासी था।

उन्होंने बताया कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मोहंती ने बताया कि बस में कम से कम 40 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि नौ घायलों को खंतापाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

पुलिस और अग्निशमन कर्मियों के दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने यात्रियों को बचाया।

बहानगा बाजार में दो जून, 2023 को एक बड़ा रेल हादसा हुआ था, जिसमें 297 लोगों की मौत हो गई थी और 1,200 से अधिक लोग घायल हुए थे।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप