ओडिशा कैडर के परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी ने सेवा छोड़ने की अनुमति मांगी

Ads

ओडिशा कैडर के परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी ने सेवा छोड़ने की अनुमति मांगी

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 03:40 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 03:40 PM IST

भुवनेश्वर, 11 जुलाई (भाषा) ओडिशा कैडर के वर्ष 2025 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक परिवीक्षाधीन अधिकारी ने औपचारिक तैनाती मिलने से पहले ही सेवा से इस्तीफा देने की अनुमति मांगी है।

इससे कुछ ही दिन पहले भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीणा ने भी निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से हटने की इच्छा जताई थी।

सी ए रामदास (33) वर्तमान में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण के पहले चरण में हैं। पिछले साल नागरिक सेवा (सिविल सर्विसेज) परीक्षा पास करने के बाद उन्हें ओडिशा कैडर आवंटित किया गया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘यह सच है कि सरकार को प्रशिक्षण ले रहे परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारी रामदास का इस्तीफा पत्र मिला है। उन्होंने अभी तक जमीनी स्तर पर कोई कामकाज संभालना शुरू नहीं किया है और उनके इस्तीफे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।’

इससे कुछ दिन पहले, वर्ष 2013 बैच के 37 वर्षीय आईपीएस अधिकारी और भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीणा ने ‘निजी कारणों’ से अपना इस्तीफा पत्र भेजा था। हालांकि मीणा ने अपना इस्तीफा एक महीने पहले सौंपा था, लेकिन इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है।

ओडिशा कैडर से युवा आईपीएस अधिकारियों के लगातार इस्तीफा देने की खबरों ने प्रशासनिक हलकों में सभी को चौंका दिया है।

इस मामले पर वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि आज की पीढ़ी के अधिकारियों में धैर्य की कमी है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन