ओडिशा: जाजपुर से छह साल से लापता नाबालिग लड़की के मामले में सीआईडी जांच की मांग
ओडिशा: जाजपुर से छह साल से लापता नाबालिग लड़की के मामले में सीआईडी जांच की मांग
जाजपुर (ओडिशा), 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं जाजपुर से सांसद रवींद्र नारायण बेहरा ने जिले से छह साल पहले लापता हुई एक नाबालिग लड़की के मामले की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की अपराध शाखा से कराए जाने की मांग की है।
बेहरा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से सोमवार को मुलाकात की और उन्हें एक लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच सीआईडी-अपराध शाखा से कराए जाने का आग्रह किया।
लड़की नौ अगस्त 2020 को जाजपुर जिले के बिंझारपुर प्रखंड के मधुसूदनपुर गांव में अपने घर के सामने खेलते समय लापता हो गई थी।
सांसद ने पत्र में लापता लड़की की मां मोनालिसा नायक की स्थिति को लेकर चिंता जताई। मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी के लापता होने की सूचना स्थानीय पुलिस को तत्काल दी गई थी, लेकिन उसने जरूरी कार्रवाई नहीं की।
सांसद ने कहा, ‘‘लड़की के परिवार ने घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। स्थानीय थाने में 14 अगस्त 2020 को मामला दर्ज किया गया था।’’
बेहरा ने कहा कि लड़की की मां ने जाजपुर के पुलिस अधीक्षक से भी संपर्क किया, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला।
उन्होंने बिंझारपुर थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक निरंजन साबर की भूमिका पर भी सवाल उठाए और उन पर इस संवेदनशील मामले में देरी एवं लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
सांसद ने शुरुआती जांच के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, ‘‘करीब छह साल बाद भी लड़की का कोई पता नहीं चला है और उसके परिवार को अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।’’
यह मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के संज्ञान में भी आया था, जिसने ओडिशा पुलिस के अधिकारियों को जांच के संबंध में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।
बिंझारपुर पुलिस ने लापता लड़की का पता लगाने में मददगार साबित होने वाली सूचना मुहैया कराने वाले व्यक्ति को पांच लाख रुपये का इनाम देने की 2022 में घोषणा की थी।
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


