ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की
भुवनेश्वर, 18 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लिए मंगलवार को 1,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की।
उन्होंने बालासोर, भद्रक, जाजपुर, मयूरभंज, क्योंझर और केंद्रपाड़ा जिलों में बाढ़ की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह पैकेज घोषित किया।
राज्य में बाढ़ से अब तक लगभग 9.40 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
माझी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ शुरुआती अनुमान के आधार पर 1,000 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की गई है। बाढ़ प्रभावित जिलों से नुकसान का विस्तृत आकलन मिलने के बाद जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पैकेज में फसल के नुकसान को लेकर किसानों को खेती से जुड़ी सब्सिडी, बीज की आपूर्ति, ‘लिफ्ट’ सिंचाई परियोजनाओं की मरम्मत और अपनी आजीविका गंवाने वालों को मदद देना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण राज्य में बाढ़ का यह दूसरा दौर आया है।
भाषा
राजकुमार मनीषा
मनीषा

Facebook


