ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 10वीं की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक पाने वाली दो छात्राओं को बधाई दी

Ads

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 10वीं की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक पाने वाली दो छात्राओं को बधाई दी

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 06:15 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 06:15 PM IST

भुवनेश्वर, 16 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त करने वाली राज्य की दो छात्राओं को बृहस्पतिवार को बधाई दी।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं की परीक्षा के परिणाम बुधवार को घोषित किए गए।

मुख्यमंत्री माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा की दो प्रतिभाशाली छात्राओं – टीना रथ और अलीशा बिस्वाल को मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं, जिन्होंने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त करके राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज जब हम ‘नारी शक्ति’ को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, तब ओडिशा की लड़कियों की यह असाधारण सफलता हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह सफलता साबित करती है कि यदि अवसर दिया जाए तो हमारी लड़कियां आसमान छू सकती हैं।’’

टीना रथ पुरी के एक निजी स्कूल में पढ़ती हैं, जबकि बिस्वाल भुवनेश्वर के केंद्रीय विद्यालय-1 की छात्रा हैं।

बिस्वाल ने कहा, ‘‘परीक्षा में अपने अंक देखकर मैं पूरी तरह से हैरान रह गई। मुझे लग रहा था कि मुझे 97 या 98 प्रतिशत अंक मिलेंगे, हालांकि मुझे पूरे 500 अंक मिले।’’

बिस्वाल ने बताया कि स्कूल के अलावा वह घर पर भी प्रतिदिन तीन से चार घंटे पढ़ाई करती थीं।

टीना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता को दिया और कहा कि वह लोगों की अनमोल जिंदगियां बचाने के लिए ‘कार्डियक सर्जन’ बनना चाहती है।

टीना ने कहा कि वह रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश