भुवनेश्वर, 28 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने क्योंझर जिले में एक आदिवासी व्यक्ति द्वारा अपनी बहन की मौत का प्रमाण देने के लिए उसके कंकाल को बैंक ले जाने की घटना के मामले में मंगलवार शाम जांच के आदेश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उत्तरी संभाग के राजस्व आयुक्त (आरडीसी) को इस मामले की जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
यह घटना उस समय सामने आई जब सोमवार को उक्त व्यक्ति ओडिशा ग्रामीण बैंक की मालिपोसी शाखा में बहन का कंकाल लेकर पहुंचा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि घटना की परिस्थितियों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय सुझाने के लिए बुधवार से जांच शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को लोगों के प्रति अधिक संवेदनशील रहने की सलाह दी।
बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद मामले का समाधान कर लिया गया है। प्रभावित आदिवासी व्यक्ति को जिला रेड क्रॉस कोष से 30,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। साथ ही उसकी बहन का मृत्यु प्रमाणपत्र और उत्तराधिकार प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जीतू मुंडा (50) को उसकी दिवंगत बहन करला मुंडा (56) के बैंक खाते की राशि भी प्राप्त हो गई है।
भाषा
राखी वैभव
वैभव