बंगाल चुनाव: दूसरे चरण के मतदान से पहले फाल्टा के संयुक्त बीडीओ का तबादला

Ads

बंगाल चुनाव: दूसरे चरण के मतदान से पहले फाल्टा के संयुक्त बीडीओ का तबादला

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 11:17 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 11:17 PM IST

कोलकाता, 28 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण से कुछ घंटे पहले दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा के संयुक्त खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सौरव हाजरा का तबादला कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि हाजरा को तत्काल प्रभाव से पुरुलिया भेजा गया है और उनकी जगह राम्या भट्टाचार्य को नियुक्त किया गया है।

आयोग ने मंगलवार रात एक दूसरे आदेश में दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) भास्कर पाल और बीरभूम के एडीएम सौविक भट्टाचार्य को भी चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है, हालांकि इसके पीछे के कारण नहीं बताए गए।

यह कार्रवाई विशेष पुलिस पर्यवेक्षक अजय पाल शर्मा के दौरे को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विरोध के बीच हुई। शर्मा ने फाल्टा में संवेदनशील इलाकों का दौरा कर मतदाताओं को कथित तौर पर डराने के मामलों पर सख्त चेतावनी दी थी।

फाल्टा विधानसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है और इसे संवेदनशील माना जाता है। यहां 29 अप्रैल को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान होना है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव