ओडिशा में निवेशक से 1.26 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में दंपति गिरफ्तार

Ads

ओडिशा में निवेशक से 1.26 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में दंपति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 12:06 AM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 12:06 AM IST

भुवनेश्वर, 14 सितंबर (भाषा) ओडिशा पुलिस ने बालासोर जिले के एक दंपति को निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर एक निवेशक से 1.26 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एसएन समद ने बताया कि सुंदरगढ़ के साइबर अपराध और आर्थिक अपराध पुलिस थाने के अधिकारियों ने रविवार को मयूरभंज जिले के बारीपदा से दंपति को गिरफ्तार किया। दोनों की उम्र 40 वर्ष के आसपास है।

समद ने बताया कि दंपति ने एक कंपनी शुरू की थी और भुवनेश्वर समेत विभिन्न स्थानों पर उसके कार्यालय खोले थे। उन्होंने बताया कि दंपति विभिन्न योजनाओं के जरिये अधिक मुनाफे का झूठा वादा करके निवेशकों को लुभाते थे।

समद ने कहा, ‘हमने सुंदरगढ़ के एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर इस वर्ष अप्रैल में दंपति के खिलाफ मामला दर्ज किया था।’ उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

भाषा प्रचेता पारुल

पारुल