ओडिशा: उप निर्वाचन आयुक्त ने एसआईआर 28 जून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए

ओडिशा: उप निर्वाचन आयुक्त ने एसआईआर 28 जून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए

ओडिशा: उप निर्वाचन आयुक्त ने एसआईआर 28 जून से पहले पूरा करने के निर्देश दिए
Modified Date: June 17, 2026 / 01:13 am IST
Published Date: June 17, 2026 1:13 am IST

भुवनेश्वर, 16 जून (भाषा) उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश भारती ने मंगलवार को ओडिशा के जिलाधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (डीईओ) को निर्देश दिया कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, भारती ने यह निर्देश एसआईआर की प्रगति की समीक्षा करते हुए और नौ जिलाधिकारियों व डीईओ के साथ इसके कार्यान्वयन की स्थिति पर चर्चा के दौरान दिया।

बयान में कहा गया कि उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, अब तक पूर्ण हुई डिजिटलीकरण की स्थिति तथा इस प्रक्रिया में देरी के कारणों की भी समीक्षा की।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि राज्य के लगभग 3.33 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं में से 3.16 करोड़ (94.6 प्रतिशत) मतदाताओं की ‘मैपिंग’ एसआईआर अभियान शुरू होने से पहले ही सफलतापूर्वक कर ली गई थी, जिससे केवल 5.34 प्रतिशत मतदाता बिना ‘मैपिंग’ के रह गए।

उन्होंने बताया कि 16 जून तक 99.20 प्रतिशत गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं और इनमें से 46.44 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटलीकरण भी पूरा हो चुका है।

अधिकारियों के अनुसार, सुंदरगढ़ जिला प्रपत्र वितरण और डिजिटलीकरण, दोनों मामलों में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला जिला रहा।

भारती ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को 28 जून की समय-सीमा से पहले पूरी प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए।

भाषा

प्रचेता सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में