ओडिशा: पुलिस मुठभेड़ में मादक पदार्थ तस्कर घायल
ओडिशा: पुलिस मुठभेड़ में मादक पदार्थ तस्कर घायल
संबलपुर (ओडिशा), 20 सितंबर (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में रविवार को पुलिस मुठभेड़ में एक मादक पदार्थ तस्कर घायल हो गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि ‘नशा मुक्त ओडिशा अभियान’ के तहत पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, कब्जे और तस्करी के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है।
उन्होंने कहा कि रात में गश्त के दौरान रेंगाली थाने की पुलिस को सूचना मिली कि कटक से जंगल के रास्ते करतरबगा-थेलकोलोई इलाके की ओर दो कारों में बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगला-पंडोलोई मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। सुबह करीब 6:15 बजे पुलिस ने पहली कार को रोककर उसके चालक आशुतोष मेंडली को पकड़ा, जबकि उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति जंगल की ओर भाग गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार ने तेज रफ्तार में वहां से निकलने की कोशिश की लेकिन वाहन चालक संकरी सड़क पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पेड़ से जा टकराई। पुलिस के पहुंचने पर चालक प्रीतम बिस्वाल कार से निकलकर भागने लगा।
अधिकारी ने बताया कि पीछा किए जाने के दौरान बिस्वाल ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए रेंगाली अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी में कोडीन युक्त कफ सिरप की 24 पेटियां, देसी नौ एमएम पिस्तौल और सात कारतूस बरामद किए।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


