भुवनेश्वर, पांच अप्रैल (भाषा) ओडिशा सरकार ने माताओं और बच्चों के पोषण की प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को लगभग 80,000 स्मार्टफोन वितरित करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना पर कुल 93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ये उपकरण लाभार्थियों के पंजीकरण, दैनिक डेटा प्रविष्टि, पूरक पोषण वितरण की निगरानी और विद्यालय पूर्व शिक्षा सहित कई पोषण अभियान गतिविधियों के कुशल प्रशिक्षण तथा प्रबंधन को सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने बताया कि यह निर्णय शनिवार रात राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया था।
सरकार ने राज्य में हथकरघा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक नयी योजना, मुख्यमंत्री हस्तातंत विकास योजना (एमएचबीवाई) को भी मंजूरी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना पर पांच वर्षों में कुल 589.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने एक व्यापक बाढ़ प्रबंधन योजना के लिए 2,781 करोड़ रुपये की भी मंजूरी दे दी है, जिसे 2025-26 से 2029-30 की अवधि के दौरान पूरी तरह से राज्य के अपने संसाधनों से वित्त पोषित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा सरकार ने भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के साथ हुए समझौते को समाप्त करने का भी निर्णय लिया है। हालांकि, दिसंबर 2025 तक इस परियोजना पर होने वाला 273.51 करोड़ रुपये का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
भाषा यासिर सुभाष
सुभाष