जाजपुर (ओडिशा), 20 जुलाई (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में अपनी पूर्व प्रेमिका की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। महिला की शादी होने के बाद जब उसने रिश्ता आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया, तो युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कुआखिया पुलिस ने 23 वर्षीय महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कोरेई थाना क्षेत्र के तुलाती गांव से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे को कक्षा 11 से जानते थे, जब वे एक ही कॉलेज में पढ़ते थे। बाद में उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई, जो दो साल से अधिक समय तक चली और दोनों ने शादी करने की योजना भी बनाई थी। इसी दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से महिला की कुछ निजी तस्वीरें ले ली थीं।
कुआखिया थाने के प्रभारी सुशांत कुमार सेठी ने बताया, ‘महिला की शिकायत के आधार पर हमने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को रविवार रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप