ओडिशा: एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज समिति ने पीजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों की जांच शुरू की

ओडिशा: एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज समिति ने पीजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों की जांच शुरू की

ओडिशा: एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज समिति ने पीजी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों की जांच शुरू की
Modified Date: July 31, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: July 31, 2026 3:23 pm IST

भुवनेश्वर, 31 जुलाई (भाषा) ओडिशा के बेरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की पांच सदस्यीय समिति ने ओडिशा मेडिकल परास्नातक परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया मंच पर प्रश्न पत्र की तस्वीरें कथित तौर पर वायरल होने की जांच शुरू की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 27 जुलाई को, जब 2023-26 बैच के परास्नातक छात्रों के लिए एक विषय की परीक्षा चल रही थी, तब ‘ओडिशा मेडिकल परास्नातक परीक्षा’ के प्रश्न पत्र की तस्वीरें कथित तौर पर सोशल मीडिया मंच पर साझा की गई थीं।

एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन-सह-प्राचार्य हरेकृष्ण दलाई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘बृहस्पतिवार शाम को मेडिकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति ने घटना की जांच शुरू कर दी है। समिति 72 घंटों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।’’

दलाई ने कहा कि समिति आरोपों की जांच करेगी, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या प्रश्न पत्र एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के परीक्षा हॉल से वायरल किया गया था, और यदि ऐसा हुआ, तो यह कैसे हुआ और इसमें कौन शामिल था।

उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए जरूरी सुझावों के साथ अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।’’

इससे पहले, दलाई ने कहा था कि घटना को प्रश्न पत्र ‘‘लीक’’ नहीं कहा जा सकता क्योंकि तस्वीरें परीक्षा के समय ही सामने आई थीं।

अधिकारियों के अनुसार, 2023-26 बैच के एमएस/एमडी पाठ्यक्रम के लिए जनरल सर्जरी के दूसरे प्रश्नपत्र की तस्वीरें कथित तौर पर कुछ परास्नातक छात्रों द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई थीं।

ऐसे आरोप भी हैं कि परीक्षा के दौरान कुछ फोन नंबरों से जवाब वायरल किए गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के छात्र ने, जिसके पास कथित तौर पर प्रश्न पत्र की तस्वीरें थीं, इस मुद्दे को उठाया और दावा किया कि उसे ये तस्वीरें एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक छात्र द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मिली थीं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में