ओडिशा के सांसदों ने रेलवे संघ से जुड़े भूमि विवाद मामले में वैष्णव से हस्तक्षेप करने की मांग की

Ads

ओडिशा के सांसदों ने रेलवे संघ से जुड़े भूमि विवाद मामले में वैष्णव से हस्तक्षेप करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 06:42 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 06:42 PM IST

भुवनेश्वर, 24 मार्च (भाषा) ओडिशा के सांसदों ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में रेलवे कर्मचारी सांस्कृतिक संघ (आरईसीए) से संबंधित भूमि विवाद के समाधान के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हस्तक्षेप की मांग की।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नयी दिल्ली में वैष्णव से मुलाकात की और खड़गपुर के ‘न्यू सेटलमेंट’ क्षेत्र में रेलवे की 5,915 वर्ग मीटर भूमि के आवंटन के लंबित मुद्दे के समाधान की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

सांसदों ने कहा कि यह मामला तीन दशकों से अधिक समय से अनसुलझा है। उन्होंने याद दिलाया कि ओडिशा के सांसदों ने आठ मार्च, 1999 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री देबेंद्र प्रधान ने भी 15 मार्च, 1999 को तत्कालीन रेल राज्य मंत्री राम नाईक के समक्ष यह मुद्दा उठाया था।

विधायकों ने कहा कि यह संघ श्री जगन्नाथ मंदिर के इर्द-गिर्द केंद्रित गतिविधियों के माध्यम से खड़गपुर में रेलवे कर्मचारियों के बीच सांस्कृतिक एकता, सामाजिक कल्याण और उड़िया संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

रेलवे की एक आंतरिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधान ने कहा कि संघ लंबे समय से इस जमीन का उपयोग कर रहा है और इस पर स्कूल, मंदिर और अन्य सार्वजनिक अवसंरचनाएं बनाई गई हैं, लेकिन इस भूमि को औपचारिक रूप से अभी तक आरईसीए को नहीं आवंटित किया गया है।

भाषा संतोष रंजन

रंजन