भुवनेश्वर, 11 मई (भाषा) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में सोमवार को किसी बात को लेकर सड़क पर हुई झड़प के दौरान बदमाशों ने एक व्यक्ति की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना दोपहर करीब दो बजे पश्चिमी ओडिशा जिले के बेलपहार पुलिस थाना क्षेत्र के बेलपहार फाटक के पास घटी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राहुल महतो के रूप में हुई है, जबकि घायल आकाश साहू को झारसुगुड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान चूडामणि कालेत, प्रदीप बंचोर और पुष्पलता बंचोर के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कार सवार और एक दोपहिया सवार लोगों के बीच हुई कहासुनी के बाद घटी। कहासुनी के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर महतो पर छुरे से हमला किया, जिससे उन्हें जानलेवा चोटें पहुंची।
महतो को लखनपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जबकि घायल साहू का इलाज झारसुगुड़ा में जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुंडाला रेड्डी राघवेंद्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, शामिल वाहन की पहचान की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि जांच जारी है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं।
भाषा
राखी संतोष
संतोष