ओडिशा: पटनायक ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की

ओडिशा: पटनायक ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की

ओडिशा: पटनायक ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा की आलोचना की
Modified Date: May 10, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: May 10, 2026 10:13 pm IST

भुवनेश्वर, 10 मई (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने महिला आरक्षण और सशक्तीकरण के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रविवार को निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला अधिकारों को आगे बढ़ाने में ‘‘कोई योगदान’’ नहीं देने के बावजूद भाजपा केवल प्रोपेगेंडा कर रही है।

‘मदर्स डे’ पर बीजद के पखवाड़े भर चलने वाले ‘महिला अधिकार अभियान’ की शुरुआत के अवसर पर पार्टी नेताओं को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए पटनायक ने भाजपा के महिला सशक्तीकरण के दावों पर स्पष्ट रूप से कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘खाली बर्तन सबसे ज्यादा शोर करते हैं।’’

यह अभियान 25 मई तक पूरे ओडिशा में जारी रहेगा।

विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि उनकी पार्टी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करके और 2019 एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में 33 प्रतिशत महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर महिलाओं के प्रतिनिधित्व की दिशा में लगातार काम किया है।

उन्होंने पूछा, ‘‘भाजपा पूरे देश में ढोल पीटती है और खुद को महिलाओं के अधिकारों का रक्षक बताती है। क्या भाजपा ने ऐसा कुछ किया है जो इन दावों को सही ठहरा सके?’’

ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने आरोप लगाया कि महिलाओं को सिर्फ एक वोट बैंक बना दिया गया है और भाजपा पर सार्थक सशक्तीकरण के बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान देने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कोई भी सरकार मात्र वित्तीय सहायता देकर महिलाओं को सशक्त नहीं बना सकती। वास्तविक सशक्तीकरण के लिए विकास के निरंतर प्रयासों की आवश्यकता होती है, जो वर्तमान सरकार में नहीं हैं।’’

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में