भुवनेश्वर, 26 जून (भाषा) ओडिशा पुलिस ने नयागढ़ ज़िले में एक माह के खुफिया अभियान के बाद शुक्रवार को एक अंतर-राज्यीय गांजा तस्करी रैकेट के सरगना समेत चार लोगों को गिरफ़्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान बौध जिले के दुर्बासा साहू (46), सुबुधि साहू (40), अरुण कुमार राणा (34) और प्रकाश खटुआ (35) के तौर पर हुई है तथा दुर्बासा इस साज़िश का कथित सरगना है।
अधिकारियों ने बताया कि इन सभी को राष्ट्रीय राजमार्ग 57 के नयागढ़-खुर्दा खंड पर पिचुकुली के पास एक गाड़ी से यात्रा करते समय पकड़ा गया।
ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने एक बयान में बताया कि उसने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट पर कार्रवाई के लिए बौध, कंधमाल और सोनपुर जिलों में खुफिया सूचना के आधार पर एक माह तक ‘ऑपरेशन ग्रीन क्लीन’ चलाया तथा इन सभी को गिरफ्तार किया। उसने कहा कि ओडिशा से अपना धंधा चलाने वाले इस सिंडिकेट का छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं पश्चिम बंगाल से संबंध है।
यह कामयाबी तब मिली जब एसटीएफ ने बुधवार को कटक ज़िले के अथागढ़ के पास काजू के बागान से 190 किलोग्राम गांजा ज़ब्त किया।
बयान के अनुसार, जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि डिलीवरी एजेंट को 10 रुपये के फटे हुए नोट का आधा हिस्सा दिया गया था और उसे निर्देश दिया गया था कि वह प्रतिबंधित सामान केवल उसी व्यक्ति को सौंपे जिसके पास नोट का दूसरा (मेल खाने वाला) आधा हिस्सा हो।
जब्ती के बावजूद, कथित सरगना गिरफ्तारी से बचने में कामयाब रहा।
शुक्रवार सुबह विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, एसटीएफ की कई टीमों ने समन्वित अभियान चलाया और कथित सरगना समेत सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि ओडिशा से गांजा तस्करी का सिंडिकेट चलाने वाला दुर्बासा साहू इसका सरगना है और उसका आपूर्ति नेटवर्क कई राज्यों तक फैला है।
अधिकारी ने कहा कि सिंडिकेट के पैसों के लेन-देन का पता लगाने के लिए वित्तीय जांच भी की जाएगी।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश