भुवनेश्वर, पांच जुलाई (भाषा) ओडिशा पुलिस अधिकारी संघ ने एक महिला पुलिस अधिकारी के अपने सरकारी आवास पर मृत पाये जाये के एक दिन बाद, रविवार को उनकी मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
कटक के चौलियागंज थाने की निरीक्षक प्रभारी ब्यूटी मोहंती का शव शनिवार सुबह उनके आवासीय क्वार्टर में मिला था। पुलिस को संदेह है कि उन्होंने कुछ व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या की है।
संघ के अध्यक्ष असित कुमार जेना ने रविवार को कटक में पत्रकारों से कहा कि इस घटना को केवल एक सामान्य अप्राकृतिक मौत के मामले की तरह नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘एक महीने के भीतर उच्चस्तरीय समिति द्वारा इसकी समुचित जांच की जानी चाहिए, ताकि उनकी मौत का वास्तविक कारण पता चल सके।’’
जेना ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पर्याप्त छुट्टी के बिना अत्यधिक दबाव में काम कर रहे हैं और उन्होंने सरकार से मांग की कि मौजूदा नियमों के अनुसार उन्हें छुट्टी लेने की अनुमति दी जाये।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश