फुलबनी, 26 मार्च (भाषा) ओडिशा के कंधमाल जिले में माओवादी विरोधी अभियानों में लगे विशिष्ट अभियान समूह (एसओजी) के ओडिशा पुलिस के एक जवान को दारिंगबाड़ी क्षेत्र में एक पहाड़ी पर चढ़ते समय आकस्मिक गोलीबारी में चोट लग गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
घायल जवान की पहचान क्योंझर जिले के हरिपुर गांव के निवासी 27 वर्षीय सुकांत मांझी के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार शाम को तलाशी अभियान के दौरान हुयी।
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक हरीश बी सी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान हुई एक आकस्मिक गोलीबारी की घटना में मांझी को गोली लगी।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दारिंगबाड़ी क्षेत्र के गजलबाड़ी-केरुबाड़ी जंगल में एक पहाड़ी पर चढ़ते समय उनकी सर्विस राइफल से गलती से गोली चल गई और गोली उनके कंधे पर लगी।
उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मी को पहले गंजाम जिले के सोराडा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उसे ब्रह्मपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन