बारीपदा, 10 जून (भाषा) ओडिशा में मयूरभंज जिला प्रशासन ने रायरंगपुर कस्बे की उन जगहों को सुरक्षा कारणों से “उड़ान निषिद्ध, ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र” घोषित कर दिया है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य की आगामी यात्रा के दौरान जाएंगे। एक आधिकारिक आदेश में बुधवार को यह जानकारी दी गई।
मुर्मू 19 जून को अपने गृहनगर रायरंगपुर पहुंचेंगी, जबकि मोदी 20 जून को इस कस्बे की यात्रा करेंगे। दोनों नेता राज्य की भाजपा सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रायरंगपुर में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
मयूरभंज के जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भेजे पत्र में कहा, “…सुरक्षा उपाय के तौर पर उन सभी जगहों को ‘उड़ान निषिद्ध, ड्रोन निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित किया जाता है, जहां राष्ट्रपति राज्य के अपने दौरे पर जाएंगी। अनुरोध है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान वीवीआईपी के आसपास किसी भी मीडियाकर्मी या अन्य लोगों को ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल करने से सख्ती से रोकने के लिए सभी जगहों पर उचित सूचना-पट्ट लगाए जाएं।”
पत्र में कहा गया है, “इस आदेश को बहुत जरूरी माना जाना चाहिए। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।”
राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी रायरंगपुर की अपनी यात्रा के दौरान ओडिशा के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश