जाजपुर, 28 मार्च (भाषा) ओडिशा के जाजपुर जिले में चोरी के एक मामले में आरोपी के हिरासत से फरार होने के बाद शनिवार को एक सहायक उपनिरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) यश प्रताप श्रीमाल ने ब्रह्मबरदा थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) अच्युतानंद दास और कांस्टेबल विद्यापति पलेई और संतोष कुमार साहू को निलंबित करने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, चंदामोहिनी गांव के आशीष कुमार बेहरा उर्फ सोमू (24) नामक आरोपी, कुंडापटना अस्पताल में कुछ महीने पहले हुई चोरी का मुख्य संदिग्ध है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने शुक्रवार देर रात आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया और उसे ब्रह्मबरदा थाने ले आई। अधिकारियों ने बताया कि उसे हिरासत में रखा गया और शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया जाना था।
हालांकि, पुलिस की निगरानी में होने के बावजूद, आरोपी तड़के फरार हो गया। चोरी के इसी मामले में दो अन्य व्यक्तियों को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
घटना के बाद, एसपी ने जाजपुर रोड अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) शरत चंद्र परिदा को जांच करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही का पता लगा, जिसके आधार पर तीनों कर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश