ओडिशा सतर्कता विभाग ने स्ट्रीट लाइट घोटाले में तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया

Ads

ओडिशा सतर्कता विभाग ने स्ट्रीट लाइट घोटाले में तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 01:09 AM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 01:09 AM IST

भुवनेश्वर, 25 जून (भाषा) ओडिशा सरकार के सतर्कता विभाग ने बीजू जनता दल (बीजद) की पिछली सरकार के दौरान तीन जिलों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने में करीब तीन करोड़ रुपये के सरकारी धन के कथित गबन के मामले में बृहस्पतिवार को तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह कार्रवाई तब हुई, जब जांच में पता चला कि वर्ष 2021-22 और 2022-23 के दौरान केंदुझर, नयागढ़ और जाजपुर में एलईडी लाइट लगाने के काम में तीन ठेकेदारों की मिलीभगत थी।

सतर्कता विभाग की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अनुपमा मोहापात्रा ने यहां संवाददाताओं को बताया, ‘जांच में सामने आया कि तीनों ठेकेदार करीब तीन करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल थे। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।’

सतर्कता विभाग की एएसपी ने बताया कि विस्तृत जांच के दौरान पाया गया कि इन तीनों ठेकेदारों को अलग-अलग जिलों में ठेके दिए गए थे।

इन तीनों जिलों में करीब 1,000 क्लस्टर (हर क्लस्टर में 10 एलईडी लाइट) हैं, जहां 2021 से 2023 के बीच पांचवें राज्य वित्त आयोग के अनुदान से मिले निधि से स्ट्रीट लाइट लगाई गई थीं।

इससे पहले बुधवार को सतर्कता विभाग ने जांच के लिए 81 अधिकारियों वाली 24 टीम तैनात की थीं, जिनमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और निरीक्षक शामिल थे।

भाषा सुमित पारुल

पारुल