कासगंज/देवरिया (उप्र), 25 जून (भाषा) कासगंज और देवरिया जिलों में हुईं अलग-अलग घटनाओं में नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो गई।
कासगंज जिले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सलोनी कश्यप (16), कोमल कश्यप (14) और उनका भाई शिवनेश (12) सुनखारी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर गांव के पास गंगा नदी के किनारे गए थे।
उन्होंने बताया कि इसी बीच शिवनेश नहाने के लिये नदी में उतर गया लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूबने लगा।
उन्होंने बताया कि उसकी चीख-पुकार सुनकर दोनों बहनें उसे बचाने के लिये नदी में कूद गईं और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन तेज बहाव के कारण वे खुद गहरे पानी में बह गईं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों व गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया और जल्द ही कोमल को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि सलोनी का शव लगभग दो घंटे बाद नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवरिया के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मदनपुर थाना इलाके के मोहड़ा गांव के पास राप्ती नदी में अपनी दो बहनों को डूबने से बचाने की कोशिश करते समय 14 साल के एक लड़के की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि रीता (18) और उसकी बहन माया (12) नदी में नहा रही थीं, तभी गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूबने लगीं।
उन्होंने बताया कि लड़कियों की चीख-पुकार सुनकर उनका भाई सोनू नदी में कूदा और उन्हें बचा लिया लेकिन वह खुद गहरे पानी में फंसकर डूब गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सोनू को नदी से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
भाषा सं. सलीम जोहेब
जोहेब