ओडिशा सतर्कता विभाग ने वन अधिकारी की संपत्तियों पर छापेमारी की

Ads

ओडिशा सतर्कता विभाग ने वन अधिकारी की संपत्तियों पर छापेमारी की

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 02:15 PM IST

भुवनेश्वर, आठ जुलाई (भाषा) ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में केंद्रपाड़ा जिले के एक वन रेंज अधिकारी के कार्यालय और संपत्तियों पर बुधवार को छापेमारी की।

केंद्रपाड़ा और कटक जिलों में चार स्थानों पर बुधवार सुबह एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि उपाधीक्षक रैंक के पांच अधिकारियों, नौ निरीक्षकों, पांच सहायक उपनिरीक्षकों और अन्य सहायक कर्मचारियों के नेतृत्व में सतर्कता विभाग के दलों ने तलाशी ली।

उन्होंने बताया कि छापेमारी की प्रक्रिया के दौरान वन अधिकारी के पास दो इमारतें एवं छह महंगे भूखंड होने का पता चला। छापेमारी के दौरान 2.14 लाख रुपये नकद, 43 लाख रुपये की जमा राशि, चार पहिया एक वाहन, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान मिला। उन्होंने बताया कि छापेमारी अभी जारी है।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले मंगलवार शाम सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने कोरापुट जिले के जयपुर में खदान उपनिदेशक को एक व्यक्ति से दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था।

उन्होंने बताया कि खदान उपनिदेशक ने पट्टे की अवधि समाप्त होने के बाद उसे विस्तार देने और भविष्य में रेत की मौके पर होने वाली नीलामी में लाभ दिलाने के लिए एक पट्टाधारक से रिश्वत मांगी थी।

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद विभाग ने खदान अधिकारी से जुड़े विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और 2.90 लाख रुपये नकद जब्त किए।

भाषा

सिम्मी नरेश

नरेश