चंडीगढ़, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने शनिवार को अमृतसर में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ एक ‘वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन’ अधिकारी द्वारा हाल ही में की गई आत्महत्या के विरोध में प्रदर्शन किया और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग की।
भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित राज्य के सभी नेतृत्व ने अमृतसर के हॉल गेट पर धरने में भाग लिया।
अमृतसर स्थित ‘पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन’ के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर 21 मार्च को जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
बाद में एक वीडियो सामने आया जिसमें वह कथित तौर पर परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दिए। भुल्लर ने विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर उसी दिन मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।
पट्टी से आम आदमी पार्टी के विधायक भुल्लर को रंधावा के आत्महत्या करने के दो दिन बाद गिरफ्तार किया गया था।
अमृतसर पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है।
शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पंजाब भाजपा के नेताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री मान के खिलाफ नारे लगाए और मौत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच की मांग की।
विरोध स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए जाखड़ ने कहा, ‘यह कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है, यह रंधावा परिवार के लिए न्याय की लड़ाई है।’
उन्होंने कहा, ‘हम रंधावा परिवार के साथ खड़े हैं।’
पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि उनकी पार्टी ने रंधावा परिवार को न्याय दिलाने के लिए विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है।
शर्मा ने कहा, ‘परिवार को पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। इसीलिए वे इस मौत की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।’
मान सरकार पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि राज्य पुलिस ने पिछले चार वर्षों में न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास जगाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।
शर्मा ने पूछा, ‘आप (मान) भुल्लर को बचाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?’
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक रंधावा की मौत की सीबीआई जांच का आदेश नहीं दिया जाता और परिवार को न्याय नहीं दिलाया जाता तब तक आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ भाजपा अपना प्रदर्शन जारी रखेगी।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन