जम्मू, 16 जून (भाषा) जम्मू के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) ने सभी अधिकारियों को तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक भीम सेन टूटी ने 57 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए।
बैठक में सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, खुफिया एजेंसियों, यातायात पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल और रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
भीम सेन टूटी ने बैठक को संबोधित करते हुए सतर्कता बढ़ाने और विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को उचित जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश देने के महत्व पर भी जोर दिया।
बैठक में भगवती नगर पूछताछ केंद्र, यात्रा मार्ग पर स्थित आधार शिविरों और ठहराव केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना, खुफिया सूचनाओं के समन्वय, निगरानी व्यवस्था, प्रवेश नियंत्रण उपायों, यात्रा काफिलों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाषा तान्या जितेंद्र
जितेंद्र