नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) इस साल दिसंबर तक ओखला और भलस्वा में कूड़े के पहाड़ों को साफ करने के लक्ष्य पर आगे बढ़ रहा है।
वाही ने कहा कि गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य दिसंबर 2027 तक रखा गया है।
महापौर कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, वाही ने शहर की तीनों कूड़े के पहाड़ों पर जैव खनन और कचरा प्रसंस्करण की प्रगति रिपोर्ट अमित शाह को सौंपी।
उन्होंने शाह के साथ दिल्ली में ठोस कचरा प्रबंधन और स्वच्छता अभियानों पर भी चर्चा की।
महापौर ने बताया कि ओखला में 62 एकड़ में फैले कूड़े के पहाड़ में से लगभग 30 एकड़ जमीन को जैव खनन और कचरा प्रसंस्करण के जरिए साफ किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि भलस्वा में कूड़े का पहाड़ 70 एकड़ क्षेत्र में था, जिसमें से अब तक करीब 25 एकड़ जमीन को साफ किया जा चुका है।
वाही ने बताया कि नगर निकाय का लक्ष्य दिसंबर 2026 तक इस कूड़े के ढेर को पूरी तरह खत्म करना है।
उन्होंने गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ के बारे में कहा कि निष्क्रिय सामग्री के निपटान के कारण जैव खनन के काम में तकनीकी सहित कई चुनौतियां आईं।
महापौर ने बताया कि राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) द्वारा उपयोग के लिए करीब 40 लाख मीट्रिक टन निष्क्रिय सामग्री उठाने का काम शुरू करने के बाद यह प्रक्रिया तेज हुई है और अब इस जगह को पूरी तरह साफ करने का लक्ष्य दिसंबर 2027 रखा गया है।
बयान के अनुसार, महापौर ने केंद्रीय गृह मंत्री के साथ दिल्ली के ठोस कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और अन्य नागरिक मुद्दों पर भी चर्चा की।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत