नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) ओमान परिवहन सुरक्षा ब्यूरो (ओटीएसबी) 15 मई की रात को मस्कट हवाई अड्डे पर ‘टेक-ऑफ’ के दौरान एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान द्वारा रनवे के किनारे की लाइटों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने की घटना की जांच कर रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
केरल के कन्नूर जा रहे विमान की उड़ान घटना के बाद रद्द कर दी गई थी। इस घटना में शामिल बोइंग 737-800 एनजी विमान ‘वीटी-एएक्सआर’ मस्कट में खड़ा है।
सूत्रों ने बताया कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) का एक मान्यता प्राप्त प्रतिनिधि ओटीएसबी द्वारा की जा रही जांच में शामिल है। उन्होंने बताया कि घटना के समय कॉकपिट में मौजूद दोनों पायलटों को जांच लंबित रहने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।
एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने सोमवार को एक बयान में कहा कि कंपनी 15 मई को मस्कट हवाई अड्डे पर उसके विमान से जुड़ी घटना की जांच में ओटीएसबी के साथ सहयोग कर रही है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ संबंधित अधिकारी आवश्यकतानुसार आगे की जानकारी प्रदान कर सकते हैं। हमने सभी प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक विमान और आवश्यकतानुसार आवास उपलब्ध कराया।’’
वहीं ओटीएसबी को भेजे गए प्रश्नों का कोई उत्तर नहीं मिला।
घटना के समय विमान में कितने यात्री सवार थे इसका पता नहीं चल पाया है।
भाषा शोभना संतोष
संतोष