उमर ने राहुल का समर्थन करते हुए कहा, ‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व पर चर्चा के लिए नहीं हुई कोई बैठक

Ads

उमर ने राहुल का समर्थन करते हुए कहा, ‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व पर चर्चा के लिए नहीं हुई कोई बैठक

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 05:35 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 05:35 PM IST

(जाहिद वाफिया)

गुलमर्ग, 23 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि वह बतौर नेता प्रतिपक्ष अपना काम कर रहे हैं और केंद्र सरकार के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी घेर रहे हैं।

अब्दुल्ला ने यह भी स्पष्ट किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के नेतृत्व पर चर्चा के लिए कोई बैठक नहीं हुई है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में यह बात कही, जिसमें उनसे इन खबरों पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया था कि ‘इंडिया’ गठबंधन का एक वर्ग विपक्षी गठजोड़ के नेतृत्व के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यहां ‘खेलो इंडिया’ शीतकालीन खेल के दौरान संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि कहां इस बारे में बात हो रही है।’’

अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने रविवार को कोलकाता में कहा था कि पार्टी को ‘इंडिया’ गठबंधन की कमान क्षेत्रीय पार्टियों को सौंप देनी चाहिए और उन्होंने बनर्जी का नाम सुझाया था।

अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मणिशंकर अय्यर ने अपनी निजी राय व्यक्त की है। उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है। कोई यह नहीं कह सकता कि उन्हें अपने मन की बात कहने का अधिकार नहीं है।’’

हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि नेतृत्व के मुद्दे पर अंतिम निर्णय ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा लिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आखिरकार, जब कोई निर्णय लिया जाएगा, तो वह ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा लिया जाएगा। सभी मिलकर बात करेंगे। आज की तारीख तक, ‘इंडिया’ गठबंधन की किसी भी बैठक में नेतृत्व को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।’’

अब्दुल्ला ने आलोचकों को चुनौती देते हुए राहुल गांधी के प्रति अपना समर्थन जताया और सवाल किया कि विपक्ष के नेता से और क्या अपेक्षा की जाती है।

राहुल गांधी की प्रभावशीलता के मुद्दे पर अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मुझे बताइए, भाजपा का मुकाबला करने में राहुल गांधी में क्या कमी है?’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वह (राहुल) लगातार भाजपा को निशाना बनाते रहे हैं, हमेशा भाजपा का विरोध करते हैं और हर मुद्दे पर सरकार पर प्रहार करते हैं।”

अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘यही नेता प्रतिपक्ष का काम है। आप राहुल गांधी से और क्या चाहते हैं?’’

यह स्वीकार करते हुए कि कभी-कभी कांग्रेस को चुनाव में सफलता नहीं मिलती, नेकां नेता ने तर्क दिया कि ‘इंडिया’ गठबंधन का काम सरकार को घेरना और भाजपा का विरोध करना है।

अब्दुल्ला ने सवाल किया, ‘‘इस संदर्भ में, क्या कोई मुझे बता सकता है कि राहुल गांधी में क्या कमी है?’’

भाषा सुभाष माधव

माधव