केरल के पलक्कड़ में खाई में गिरी रोडवेज बस, एक की मौत, कई यात्री घायल
केरल के पलक्कड़ में खाई में गिरी रोडवेज बस, एक की मौत, कई यात्री घायल
पलक्कड़ (केरल), तीन अगस्त (भाषा) केरल के पलक्कड़ जिले में नेन्मारा के पास पोतुंडी में सोमवार को केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की एक बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई, जिससे एक महिला की मौत हो गयी और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान नेल्लियामपति निवासी जयंती (53) के रूप में हुई।
यह हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे उस समय हुआ जब राज्य परिवहन निगम की यह बस नेल्लियामपति से नेन्मारा की ओर जा रही थी।
पुलिस ने बताया कि पोतुंडी जांच चौकी के पास बस खाई में गिरने के बाद पेड़ों के बीच अटक गई, जिससे वह और गहराई में गिरने से बच गई।
पुलिस ने बताया कि बस में सबसे आगे बैठी जयंती बाहर गिर गईं और पेड़ एवं गाड़ी के बीच फंस गईं। बस में 72 यात्री सवार थे और उनमें से ज़्यादातर घायल हो गए। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं बचाव सेवा के कर्मचारी और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों को नेल्लियामपति के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केएसआरटीसी अधिकारियों के अनुसार, ऐसी आशंका है कि यह हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ।
नेन्मारा पुलिस ने जयंती की मौत के सिलसिले में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा सुरेश नरेश
नरेश

Facebook


