गोपेश्वर, पांच दिसंबर (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी तथा चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि रोली-ग्वाड़ मार्ग पर गोपेश्वर के समीप वाहन रविवार रात अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया ।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के बचाव दलों ने दुर्घटना पीड़ितों को खाई से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत मौके पर ही हो गयी जबकि अन्य चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय रोहित सिंह के रूप में हुई है जबकि घायल होने वालों में मुकेश सिंह (45), संतोष सिंह (32), मनोज सिंह (42) और तिरलोक (45) शामिल हैं। दुर्घटना का शिकार सभी लोग चमोली जिले के नेल कुड़ाव गांव के निवासी हैं।
भाषा सं दीप्ति दीप्ति सिम्मी
सिम्मी