नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने जीटीबी अस्पताल के वार्ड के अंदर एक मरीज की हत्या के सिलसिले में 21 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी से पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके के निवासी शावेज ने भागने के लिए पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अपूर्व गुप्ता ने बताया, ‘‘17 जुलाई को सूचना मिली थी कि जीटीबी अस्पताल में हाल में हुई हत्या के मामले में शामिल अमन उर्फ शावेज नामक एक कुख्यात अपराधी रात करीब 10 बजे अपने एक साथी से मिलने के लिए गाजीपुर इलाके के पेपर मार्केट में आएगा।’’
उन्होंने बताया, ‘‘रात करीब नौ बजकर 45 मिनट पर एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया। जब पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने पुलिस पर अपनी पिस्तौल से गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।’’
उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से चार कारतूस के साथ एक पिस्तौल बरामद की गई। उन्होंने बताया कि उसकी मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली।
डीसीपी ने कहा, ‘‘आरोपी ने अपनी पहचान शावेज के रूप में बताई। उसने बताया कि रविवार (14 जुलाई) को वह अपने साथियों के साथ वसीम की हत्या करने के लिए जीटीबी अस्पताल गया था। लेकिन गलत पहचान के कारण उन्होंने अस्पताल में रियाजुद्दीन (32) नामक मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी।’’
जीटीबी अस्पताल के वार्ड नंबर 24 के भीतर 14 जुलाई को रियाजुद्दीन (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस घटना को गलत पहचान का मामला बताया था, क्योंकि वारदात से एक दिन पहले उसी वार्ड से एक अपराधी को स्थानांतरित किया गया था।
भाषा शफीक माधव
माधव