केरल में सांप के काटने से एक और व्यक्ति की मौत, राज्य में सर्पदंश के मामले बढ़े

Ads

केरल में सांप के काटने से एक और व्यक्ति की मौत, राज्य में सर्पदंश के मामले बढ़े

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 03:01 PM IST

कोल्लम, एक मई (भाषा) केरल में सर्पदंश का इलाज करा रहे एक व्यक्ति की शुक्रवार को तिरुवनंतपुरम अस्पताल में मौत गई। राज्य में बढ़ती गर्मी के बीच पिछले दो हफ्तों में सांप के काटने से कई लोगों की मृत्यु हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुनरो द्वीप निवासी राजेंद्रन (64) के रूप में हुई है, जो आंशिक रूप से दृष्टिहीन थे। पिछले हफ्ते रात के खाने के बाद घर से बाहर निकलते समय उन्हें ‘रसेल वाइपर’ सांप ने काट लिया था। घटना के दौरान वह कोल्लम जिले के अरिनालूर में अपनी बेटी के घर पर थे।

घटना की जानकारी लोगों को मिलने के बाद सांप को मार दिया गया और फिर उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, हालत बिगड़ने पर उन्हें तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।

केरल में पिछले दो हफ्तों के दौरान सर्पदंश से कई लोगों की मौत हुई है।

विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि बढ़ते तापमान के बीच सांप ठंडे वातावरण और शिकार की तलाश में घरों के करीब आ रहे हैं।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल