दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल; मामला दर्ज
दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल; मामला दर्ज
नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) बाहरी उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में अखाड़ा के पास 36 वर्षीय ई-रिक्शा चालक को कथित रूप से गोली मार दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह वारदात रविवार को तब सामने आई जब पुलिस को सूचना मिली कि एक शख्स को गोली लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की एक टीम फौरन अस्पताल पहुंची और जख्मी की पहचान राजेश पासवान के तौर पर हुई है। उसे बाद में उच्चतर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शाहबाद डेयरी इलाके का रहने वाला पासवान ई-रिक्शा चलाता है और पहले दो मामलों में शामिल रहा है।
एमएलसी रिपोर्ट में उसके चेहरे के दाहिनी ओर एक घाव का जिक्र किया गया है। पुलिस ने बताया कि चोट की प्रकृति का पता अभी नहीं चल पाया है।
उसकी हालत के बारे में तुरंत जानकारी नहीं मिल पाई।
पुलिस के अनुसार, किसी भी प्रत्यक्षदर्शी से संपर्क नहीं हो सका और घटना स्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ नहीं था।
हालांकि, संदिग्ध हमलावरों की पहचान करने और घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए आस-पास के मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (1) (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा

Facebook


