कोटा (राजस्थान), पांच जुलाई (भाषा) राजस्थान के कोटा में रविवार को हाईटेंशन बिजली लाइन में आयी खराबी के कारण कई घरों में करंट फैलने से 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं और तीन बच्चों समेत नौ लोग झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतपुरा थाना क्षेत्र के क्रशर रोड स्थित बरड़ा बस्ती में हुई।
क्षेत्राधिकारी रमेश काविया ने बताया कि घरों के ऊपर से गुजर रही जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) की हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर तेज धमाके के साथ टूटकर अलग हो गया, जिससे नीचे स्थित घरों में करंट फैल गया।
हादसे में अशफाक नाम के व्यक्ति की पत्नी सलमा (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूरीबाई (25), अयोध्याबाई (48), सीमा कंवर (35), नशवीन (50), इरशाद बेग (60), अशफाक (33), अर्शिल (9), जोया (14) और आलिया (12) झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और जेवीवीएनएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे, क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करायी और सभी घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां सलमा को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बतायी गयी है।
पुलिस ने घटना के कारणों की जांच के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता शिवचरण जांगिड़ ने बताया कि पास की खदानों से उछले पत्थरों के टुकड़ों से इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गया होगा, जिससे घरों में करंट फैल गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रभावित मकान वन भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे और उनका दायरा हाईटेंशन बिजली टावर तक पहुंच गया था।
मरम्मत के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, जांगिड़ ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
भाषा गोला सुभाष
सुभाष