ऑपरेशन तूफान: फरार आरोपियों और वांछित मादक पदार्थ तस्करों की सूची बना रही केरलम पुलिस

Ads

ऑपरेशन तूफान: फरार आरोपियों और वांछित मादक पदार्थ तस्करों की सूची बना रही केरलम पुलिस

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 04:05 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 04:05 PM IST

कोझिकोड (केरलम), 31 अगस्त (भाषा) केरलम पुलिस ने विदेशों में छिपे फरार आरोपियों और वांछित मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ताओं की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें पकड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है। मादक पदार्थ रोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के नोडल अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक पुट्टा विमलादित्य ने सोमवार को यह जानकारी दी।

विमलादित्य ने संवाददाताओं से बातचीत में अभियान के बारे में कहा कि पुलिस अफगानिस्तान, ओमान और थाईलैंड समेत अन्य देशों से जुड़े संभावित अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “हमें ऐसे पुराने मामलों की जानकारी है, जिनमें अफगानिस्तान से ओमान के रास्ते प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचे थे। इसी तरह थाईलैंड से भी आपूर्ति के स्रोत सामने आए हैं। हम इन कड़ियों की गहन जांच कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हमने विदेशों में मौजूद फरार आरोपियों और वांछित लोगों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उन्हें पकड़ा जा सके। इस दिशा में लगातार प्रगति हो रही है।”

विमलादित्य ने बताया कि ‘ऑपरेशन तूफान’ के तहत पुलिस ने अब तक व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थ रखने के 165 मामले और मध्यम मात्रा से जुड़े 395 मामले दर्ज किए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत अब तक करीब 10,100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अवैध मादक पदार्थ कारोबार की रोकथाम संबंधी कानून (पीआईटी-एनडीपीएस) के तहत भी कई लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई शुरू की गई है।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य जोर मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने पर है। उन्होंने कहा, “32 विशिष्ट मामलों में, सीधे पकड़े गए लोगों के अलावा हम प्रमुख स्रोतों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने में सफल रहे हैं। इनमें आर्थिक मदद देने वाले लोग और मादक पदार्थ पहुंचाने का काम करने वाले व्यक्ति भी शामिल हैं।”

उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे हिस्से ‘तूफान वॉरियर्स’ को जनता का अच्छा समर्थन मिला है और लाखों लोगों ने इससे जुड़ने की शपथ ली है।

उन्होंने कहा, “हमें 10,000 से अधिक फोन कॉल मिले हैं, जो जनता की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। लोग अपने इलाके में देखी जा रही समस्याओं की जानकारी पुलिस को दे रहे हैं और इन सूचनाओं के आधार पर उचित कार्रवाई की जा रही है।”

उन्होंने बताया कि अभियान के तीसरे घटक ‘तूफान केयर’ को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सहयोग से लागू किया जा रहा है और हर जिले में समितियों का गठन किया गया है।

विमलादित्य ने कहा कि जिलों में दो-तीन शुरुआती बैठकें हो चुकी हैं और अगले महीने से परामर्श एवं पुनर्वास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस अभियान के तहत मैराथन और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बना रही है।

कासरगोड में एमडीएमए के साथ गिरफ्तार दो युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जांच में लापरवाही के विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि चंदेरा थाने में दर्ज मामले में 140 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया था। उन्होंने कहा, “इस मामले में अच्छी प्रगति हुई है। इसमें अहम भूमिका निभाने वाले लोगों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि कासरगोड जिला पुलिस प्रमुख की ओर से मामले की विस्तृत जानकारी आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी।

इस बीच, डीवाईएफआई के प्रदेश सचिव एवं विधायक एम. विजिन ने आरोप लगाया कि पुलिस कासरगोड में गिरफ्तार दोनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचा रही है। उन्होंने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्ति केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन के करीबी सहयोगी हैं और मामले में आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

विजिन ने कहा, “मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं हुई है। जांच भी नहीं हो रही है। आरोपी के फोन कॉल के आधार पर जांच इसलिए नहीं की जा रही है क्योंकि इससे आरोपी के मुख्यमंत्री से संबंधों का पर्दाफाश हो जाएगा?”

उन्होंने कहा कि डीवाईएफआई ने शुरुआत में ‘ऑपरेशन तूफान’ का समर्थन किया था, लेकिन अब उसका इस अभियान से भरोसा उठ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान का इस्तेमाल मादक पदार्थ कारोबार में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में राज्य पुलिस प्रमुख के कार्यालय और कन्हांगड में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने की घोषणा की।

वहीं, राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से ‘ऑपरेशन तूफान’ में सहयोग करने की अपील की और कहा कि मादक पदार्थ रोधी अभियान में राजनीति नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “इसमें कोई राजनीति नहीं है। चाहे कोई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पकड़ा जाए या डीवाईएफआई कार्यकर्ता, सभी के साथ समान व्यवहार किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, “जब समाज में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं तो विभिन्न दलों के नेता उनके पीछे हो सकते हैं। इसमें कोई राजनीति नहीं है। कृपया इसे राजनीति से न जोड़ें। यह हमारी धरती को बचाने का अभियान है।”

चेन्निथला ने कहा कि केरलम में राजनीतिक दलों के साथ-साथ मुस्लिम, ईसाई और हिंदू संगठनों का भी अभियान को सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा, “हमें यहां ओछी राजनीति से बचना होगा और एकजुट होकर खड़ा होना होगा, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह केरलम में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। हमारी जानकारी के बिना हमारे बच्चे और पोते-पोतियां इसका शिकार हो रहे हैं।”

उन्होंने सभी लोगों से ‘ऑपरेशन तूफान’ का समर्थन करने की अपील की और कहा कि महिलाएं और परिवार अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराकर अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

भाषा अमित नरेश

नरेश

नरेश