विपक्षी दलों ने एएसआई की हत्या, कपूरथला जेल हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री मान पर साधा निशाना

विपक्षी दलों ने एएसआई की हत्या, कपूरथला जेल हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री मान पर साधा निशाना

विपक्षी दलों ने एएसआई की हत्या, कपूरथला जेल हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री मान पर साधा निशाना
Modified Date: May 24, 2026 / 08:05 pm IST
Published Date: May 24, 2026 8:05 pm IST

चंडीगढ़, 24 मई (भाषा) पंजाब में विपक्षी दलों ने रविवार को एक सहायक पुलिस उप-निरीक्षक (एएसआई) की हत्या और कपूरथला जेल की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘अराजकता और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने’’ के मद्देनजर राज्य सरकार ने शासन का ‘‘नैतिक’’ अधिकार खो दिया है।

कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि कोई भी सुरक्षित नहीं है।

अमृतसर में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी। एएसआई जोगा सिंह का शव फतेहगढ़ चूरियां-मजीठा रोड के पास बरामद किया गया।

एक अन्य घटना में, कपूरथला जेल में कैदियों के बीच झड़प हुई और इसने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने शनिवार देर रात आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके व्यवस्था बहाल की। ​​इस घटना में तीन कैदी घायल हो गए।

इन दोनों घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दावा किया कि राज्य भर में व्याप्त अराजकता के कारण आम आदमी पार्टी ने सत्ता में बने रहने का ‘‘नैतिक अधिकार’’ खो दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि सरकार या तो कार्रवाई शुरू करे या फिर इस्तीफा देने का फैसला ले, और जितनी जल्दी हो उतना बेहतर।’’

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये घटनाएं ‘‘प्रशासनिक विफलता के स्पष्ट उदाहरण’’ हैं।

उन्होंने गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे मान के इस्तीफे की मांग की।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एएसआई की हत्या की निंदा की।

बादल ने आरोप लगाया, ‘‘भगवंत मान के कुशासन में पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आज पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। लक्षित हत्याएं, गैंगस्टर का वर्चस्व और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव- इसी कारण डॉक्टर, व्यापारी, उद्योगपति और अन्य लोग राज्य छोड़कर जा रहे हैं।’’

कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि एएसआई की हत्या से आप शासन के तहत राज्य में सार्वजनिक सुरक्षा की ‘‘खतरनाक’’ स्थिति उजागर होती है।

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में