उत्तराखंड के नौ जिलों में मंगलवार को बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’

उत्तराखंड के नौ जिलों में मंगलवार को बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'

उत्तराखंड के नौ जिलों में मंगलवार को बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
Modified Date: July 27, 2026 / 09:42 pm IST
Published Date: July 27, 2026 9:42 pm IST

देहरादून, 27 जुलाई (भाषा) मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अधिकतर जिलों के कुछ क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश से बहुत भारी की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा शेष जिलों में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है जिसे देखते हुए अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है तथा उनके कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना व्यक्त की गयी है।

राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना के साथ ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, सोमवार को भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई । डंगोली में 65 मिमी, बेरीनाग में 41.5, घाट में 41, सोंग में 40, बस्तिया में 37, हल्द्वानी में 35, अल्मोड़ा में 33.5, जखोली में 32 मिमी और टनकपुर में 28 मिमी बारिश दर्ज की गयी ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में