हिमाचल के कुछ हिस्सों में दो और तीन जुलाई को भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’

Ads

हिमाचल के कुछ हिस्सों में दो और तीन जुलाई को भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 09:17 PM IST

शिमला, 29 जून (भाषा) मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में दो और तीन जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए दो तथा तीन जुलाई को, जबकि कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए तीन जुलाई को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

इस बीच, राज्य के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम से पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम बारिश दर्ज की गई; वहीं शिमला, कांगड़ा और सुंदरनगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हुईं।

मौसम कार्यालय के अनुसार, मुरारी देवी में सबसे अधिक 63.6 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इसके बाद ब्राह्मणी में 51.4 मिमी, घाघस में 50 मिमी, बरठीं में 45.2 मिमी, नेरी में 42.5 मिमी, हमीरपुर में 36 मिमी, शिलारू में 33.6 मिमी, सलापड़ में 45.1 मिमी, बिजाही में 45.7 मिमी, सुंदरनगर में 26.2 मिमी, बिलासपुर में 26 मिमी, जुब्बरहट्टी में 25.5 मिमी और शिमला में 20.8 मिमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में चार जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है, क्योंकि दो जुलाई से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

राज्य में कुकुमसेरी 8.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि ऊना 36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप